
पार्षद ने की भगवान राम की आरती
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। “जाके प्रिय न राम वैदेही, तजिये ताहि कोटि बैरी सम, जद्यपि परम सनेही।” प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और भक्ति के इसी भाव के साथ किदवई नगर के एच-ब्लॉक स्थित श्री नागरिक रामलीला कमेटी में रामलीला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्षद अवधेश त्रिपाठी को भगवान श्रीराम की आरती करने और रामलीला देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। श्री नागरिक रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला की परंपरा के 52 वर्ष पूर्ण किए जाने पर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। रामलीला के मंचन के माध्यम से कलाकारों ने प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर किया। पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि सभी को शक्ति, सद्बुद्धि और सेवा भाव प्रदान करें, ताकि श्री नागरिक रामलीला कमेटी इसी तरह अनादिकाल तक प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करती रहे और आने वाली पीढ़ियों तक हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं पहुंचती रहें। कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जय श्रीराम।