
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। भाद्रपद पूर्णिमा और पूर्णिमा श्राद्ध के अवसर पर ऐतिहासिक बक्सर धाम में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। लगातार 36 घंटे हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह बना रहा। हालांकि, बारिश और जलभराव के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। सुबह से ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने छाता लेकर और बारिश में भीगते हुए मां गंगा में स्नान किया तथा विधि-विधान से जलार्चन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सिद्धपीठ मां चंडिका-अंबिका मंदिर में दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मां शारदा मंदिर, ग्वालियर सरकार आश्रम, बालाजी मंदिर, गोलोकपुरी आश्रम और शोभन सरकार आश्रम में भी दिनभर भक्तों का आवागमन बना रहा।दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने बक्सर की प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाई मीठी गुझिया का स्वाद लिया। इससे स्थानीय बाजारों में भी रौनक देखने को मिली।