35 लाख से बना विवाह भवन, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कसया विकास खंड की ग्राम पंचायत भैंसहा के सदरटोला में रविवार को 35 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित विवाह भवन का उद्घाटन कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने फीता काटकर किया। भवन शुरू होने से ग्रामीणों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पीएन पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। करीब 10 हजार की आबादी वाली इस ग्राम पंचायत में अब तक विवाह भवन नहीं था। इसके कारण लोगों को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था।उन्होंने कहा कि विवाह भवन उपलब्ध होने से ग्रामीणों के समय और धन की बचत होगी। यहां निर्धारित कम शुल्क पर शादी-विवाह सहित अन्य सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।विवाह भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान सरोज राय ने अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि सुधाकर राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष आद्या पांडेय, वासदेव कुशवाहा, नन्हे राय, प्रमोद वर्मा, सूरज वर्मा, विनोद गिरी, चंद्रशेखर सिंह, हरिलाल, भारत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।