35 गांवों में घंटों बिजली गुल, ग्रामीणों में आक्रोश
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। जरार विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 35 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को जरार फीडर से जुड़े गांवों में करीब छह घंटे तक बिजली गुल रही। शाम को आपूर्ति बहाल होने के बाद रात में भी बार-बार ट्रिपिंग होती रही। गुरुवार को भी दिनभर आपूर्ति प्रभावित रहने से उमस और गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों का आरोप है कि जरार उपकेंद्र से आए दिन लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली काटी जाती है। लंबी कटौती के चलते पंखे, कूलर और फ्रिज बंद रहे, वहीं मोबाइल चार्ज करने तक की समस्या खड़ी हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद बिजली आपूर्ति व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हो रहा है।लगातार हो रही कटौती से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो विद्युत उपकेंद्र जरार का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। वहीं जेई प्रेम कश्यप ने बताया कि लोकल फाल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी। फाल्ट ठीक कराकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का प्रयास किया गया।