
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भेंटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुंगवाछ में जल जीवन मिशन के तहत 3.68 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी सभी पुरवों में जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। मंगलवार को जांच के दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच हंगामा हो गया। ग्राम प्रधान आशा तिवारी ने कार्यदायी संस्था मेसर्स विंध्या-टेलीलिंक्स प्रा. लि., नोएडा पर लापरवाही का आरोप लगाया है।प्रधान के अनुसार, गांव के 11 पुरवों में से केवल तीन में पानी पहुंच रहा है। कंपनी ने इंटरलॉकिंग, खड़ंजा, चकमार्ग और पीडब्ल्यूडी की सड़कों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। उनका आरोप है कि पोर्टल पर काम पूरा दर्शाकर रखरखाव का पैसा निकाला जा रहा है, जबकि मौके पर काम अधूरा है। मंगलवार को बीडीओ दिव्या सिंह के नेतृत्व में जांच टीम प्रधान के घर पहुंची। टीम में डीपीएमयू और जल निगम के अधिकारी भी शामिल थे। प्रधान ने टीम पर आवश्यक दस्तावेजों के बिना पहुंचने और बहस करने का आरोप लगाया। हंगामे के बाद बीडीओ ने टीम को मठकनैगिर में घर-घर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। बीडीओ ने कंपनी का काम अधूरा होने की बात स्वीकार की। जांच रिपोर्ट टीम की ओर से तैयार की जाएगी।