
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां पूरी हो गईं। जिले के 1570 विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी पहुंचकर सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। 25 जून से विद्यार्थियों के लिए विद्यालय खुलने हैं। इसके मद्देनजर पूरे दिन विद्यालय परिसरों को व्यवस्थित करने का कार्य चलता रहा। कई विद्यालयों में नामांकन संबंधी तैयारियों के साथ शैक्षणिक अभिलेखों को भी व्यवस्थित किया गया, ताकि पठन-पाठन सुचारु रूप से शुरू कराया जा सके। गौरीगंज स्थित मॉडल स्कूल समेत अन्य विद्यालयों में शिक्षक तैयारियों में जुटे दिखाई पड़े। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि 25 जून से विद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। स्कूलों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं।