
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी एवं अनिता गुप्ता 25 अगस्त को कानपुर नगर में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक करेंगी। महिला जनसुनवाई का आयोजन मंगलवार को सुबह 11 बजे सर्किट हाउस के सभागार में किया जाएगा।जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों को सुना जाएगा। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। महिलाएं अपनी समस्याओं को सीधे आयोग की सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी।इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी। बैठक में महिला एवं बाल पोषण से जुड़े विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने तथा पात्र महिलाओं तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा होगी।आयोग की सदस्य अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश देंगी कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। पात्र लाभार्थियों को महिला कल्याण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का समय से लाभ मिले, इस पर भी विशेष जोर रहेगा।जनपद की महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए 25 अगस्त को सुबह 11 बजे सर्किट हाउस सभागार पहुंचकर महिला जनसुनवाई में अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकती हैं।