news-details

24 करोड़ की लागत से बन रहा मॉडल कंपोजिट विद्यालय

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास कानपुर। बिधनू विकासखंड के ग्राम खेरसा में ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने बताया कि इस विद्यालय में करीब 1500 छात्र-छात्राओं के अध्ययन की व्यवस्था होगी। यहां कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय की अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।विद्यालय का निर्माण जी प्लस टू मॉडल पर किया जा रहा है, जिसमें 30 स्मार्ट कक्षाएं बनाई जा रही हैं। सभी कक्षाओं को स्मार्ट क्लास तकनीक से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल मैदान और कौशल विकास सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे छात्रों को शहर जैसी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी।यूपीपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 25 से 30 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की और कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।