
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। इन्हौना स्थित क्रिकेट मैदान में आगामी 24 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे ‘घुमंतू गौरव समागम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन श्री अब्दुल गनी बंजारा राष्ट्रीय संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष आल इंडिया मुस्लिम बंजारा विकास मंच द्वारा किया जा रहा है।‘घुमंतू गौरव समागम’ का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदायों के ऐतिहासिक योगदान और सांस्कृतिक धरोहर को पहचान व सम्मान देना है। इसके साथ ही, केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से इन वर्गों को सीधे जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास व सशक्तीकरण सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री असीम अरुण जी घुमंतू समाज के उत्थान, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं, शिक्षा, आवास तथा स्वरोजगार के अवसरों से संबंधित शासकीय पहलों पर अपने विचार रखेंगे। समागम में राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष विमुक्त घुमंतू बारा समाज परिषद श्री रावेन्द्र कुमार बारा, आल इंडिया मुस्लिम बंजारा विकास मंच के जिला अध्यक्ष तौफ़ीक़ बंजारा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में घुमंतू व अर्ध-घुमंतू समुदाय के बहन-भाई उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में घुमंतू जातियों को लाने के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। घुमंतू जातियों के कला कौशल के प्रदर्शन की भी तैयारी की जा रही है। घुमंतू जातियों की प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें मंच तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।