news-details

23 शिकायतें पहुंचीं, चार का मौके पर समाधान

You can share this post!

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं

खड्डा, कुशीनगर।
खड्डा तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी डॉ. सन्त राज सिंह बघेल ने की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।समाधान दिवस में कुल 23 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 08, पुलिस विभाग की 04, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त 02, विकास विभाग की 03 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 06 शिकायतें शामिल रहीं। बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर तहसील पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं।अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इससे संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत मिली। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।उपजिलाधिकारी डॉ. सन्त राज सिंह बघेल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि फरियादियों को समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की सक्रियता के बीच चार मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि अन्य शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा फरियादियों को दिया गया। अधिकारियों ने लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।