
कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
जिले की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। चयनित विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों का चयन किया जाना है।जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि इच्छुक महिला एवं पुरुष प्रशिक्षक, जिनके पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट की योग्यता का प्रमाण-पत्र है और वे ग्रामीण क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षण देने के इच्छुक हैं, आवेदन कर सकते हैं।इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 15 सितंबर 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में जिला विद्यालय निरीक्षक, कुशीनगर के कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।चयनित प्रशिक्षकों द्वारा संबंधित विद्यालयों में तीन माह तक प्रतिदिन 40 मिनट बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्य के लिए अधिकतम 15 हजार रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के लिए यथासंभव महिला प्रशिक्षकों को वरीयता दी जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि 15 सितंबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर निर्धारित प्रारूप और आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।