
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर के कटरा राजा हिम्मत सिंह के समदिया मोहल्ले में सोमवार सुबह घर के सामने खेलते समय लापता हुए दो वर्षीय अनस का शव मंगलवार को घर के पास स्थित तालाब से बरामद हुआ। करीब 22 घंटे तक पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और अयोध्या से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने मासूम की तलाश की।अनस करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ ननिहाल आया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे गायब पाया। मोहल्ले और आसपास तलाश के साथ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।घर के पास तालाब और कुआं होने के कारण पानी में गिरने की आशंका जताई गई। स्थानीय गोताखोरों की तलाश के बाद एसडीआरएफ को बुलाया गया। तालाब में अधिक दलदल होने से नाव से सर्च ऑपरेशन नहीं चल सका। करीब 22 घंटे बाद शव बरामद हुआ।एसपी सरवणन टी. ने भी मौके का निरीक्षण किया था। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।