
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भर्तियों में आरक्षण घोटाले का आरोप लगाते हुए “समाजवादी ऑडिट रिपोर्ट” जारी की। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि 22 भर्तियों में पिछड़े, दलित और आरक्षित वर्ग के साथ अन्याय हुआ है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई भर्तियों में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत के बजाय केवल 3.86 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग को भी निर्धारित कोटे से कम आरक्षण मिला।सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने आरक्षण की “लूट” की है और आंकड़े छिपाए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों की भर्तियों में “नॉट फॉर सूटेबल” नीति लागू कर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बाहर करने का भी आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सपा सरकार बनने पर 90 दिनों के भीतर 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाया जाएगा और जातीय जनगणना कराई जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।