
सुल्तानपुर। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने मंगलवार को सुल्तानपुर में भाजपा पर तीखा हमला बोला। PDA जन पंचायतों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज में सपा के प्रति उत्साह है और 2027 में अखिलेश यादव पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा, "2024 में जनता ने भाजपा को बैसाखी पर लाने का काम किया, 2027 में BJP वेंटिलेटर पर चली जाएगी।"
NDA सरकार में शामिल डॉ. संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर समेत पिछड़े वर्ग के नेताओं पर निशाना साधते हुए कश्यप ने कहा कि ये अपने समाज के आरक्षण और अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं को भाजपा ने अखिलेश यादव और PDA के खिलाफ बोलने के लिए पद दिए हैं। कश्यप ने कहा कि संजय निषाद के बेटे को सांसद बनाने और राजभर को चुनाव जिताने में सपा की भूमिका रही है।
बसपा पर टिप्पणी से इनकार करते हुए कश्यप ने कहा कि उनकी लड़ाई सीधे भाजपा से है। उन्होंने दावा किया कि संविधानवादी, आंबेडकरवादी, लोहियावादी और बहुजन विचारधारा से जुड़े लोग PDA के साथ हैं। अतीक-आजम-मुख्तार के पोस्टर को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए आपराधिक मामलों का सामना कर रहे नेताओं को लेकर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता को लेकर सरकार पर निशाना साधा।