news-details

2027 में भी भारी बहुमत से भाजपा बनाएगी सरकार:अवधेश त्रिपाठी

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।  वार्ड-92 के भाजपा पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने पारदर्शी विकास न्यूज़ से खास बातचीत में प्रदेश की राजनीति, कानपुर के विकास और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में धर्म और विकास दोनों जरूरी हैं। उत्तर प्रदेश में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विकास की रफ्तार बढ़ी है और कानपुर भी तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर का मेट्रो सिटी के रूप में आगे बढ़ना भाजपा सरकार की विकास योजनाओं का परिणाम है। उनका दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा भारी बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए राजनीति पर निशाना साधते हुए अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि पीडीए में ‘पी’ का मतलब पंडित बताने से ब्राह्मण समाज उनके साथ आने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की यह राजनीति केवल दिखावा है और जनता वास्तविकता समझ रही है। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने के लिए सभी वर्गों के विकास और सम्मान की जरूरत है।किदवई नगर विधानसभा को महत्वपूर्ण विधानसभा बताते हुए अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि वह वर्ष 1989 से भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए और वह स्वयं भी लगातार अपनी भूमिका निभाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी भविष्य में जो भी निर्णय लेगी और जो जिम्मेदारी देगी, वह उन्हें स्वीकार होगी।पार्षद ने कहा कि वह लगातार जनता के बीच रहते हैं और क्षेत्र की समस्याओं पर नजर रखते हैं। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह पैदल, स्कूटी या साइकिल से क्षेत्र का भ्रमण करते हैं और लोगों से सीधे संवाद करते हैं। उनका कहना है कि जनता की समस्या सामने आने पर उसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और विभागों से संपर्क करना उनकी प्राथमिकता रहती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के लिए जनता के बीच रहना और उनकी समस्याओं को समझना सबसे जरूरी है।