
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।जाजमऊ क्षेत्र में धमकी, रंगदारी और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी मेराजुल हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जाजमऊ पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को लखनऊ के नाका क्षेत्र से पकड़ा गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहा था। उस पर वर्ष 2023 में जाजमऊ आगजनी मामले में गवाही देने पहुंचे एक व्यक्ति को धमकाकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। इस मामले में बलवा, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।एडीसीपी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बजरिया थाना क्षेत्र के कर्नलगंज का निवासी है। जांच में सामने आया है कि 26 अक्टूबर को आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित को कोर्ट में धमकाने और बाद में जाजमऊ बुलाकर पैसे की मांग करने की घटना में शामिल था।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई और दबाव बनाने के लिए फायरिंग भी की गई थी। वहीं, आरोपी ने पुलिस पूछताछ में खुद को निर्दोष बताया और कहा कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कई थानों में रंगदारी, धोखाधड़ी और बलवा जैसे मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।