news-details

2.47 लाख किसानों के खातों में पहुंची पीएम किसान की 24वीं किस्त

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को जिले के 2,47,430 किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में करीब 130 प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने कहा कि योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।उन्होंने किसानों से रबी फसलों की तैयारी में धनराशि का उपयोग करने, आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की।किसानों ने किस्त मिलने पर खुशी जताई। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र सहित कृषि विभाग के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।