news-details

1912 बिजली सेवा केंद्र में कर्मचारियों का हंगामा

You can share this post!


पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ।  हुसैनगंज स्थित 1912 बिजली उपभोक्ता सेवा केंद्र में सोमवार रात कर्मचारियों ने काम बंद कर हंगामा किया। कर्मचारियों ने ‘1912 हाय-हाय’ के नारे लगाए और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया।कर्मचारियों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी सीवाईफ्यूचर की ओर से उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि शासन के निर्देशों के अनुसार वेतन माह की शुरुआत में मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें हर महीने 18 से 20 तारीख के बीच भुगतान किया जाता है।कर्मचारियों ने पीएफ कटौती को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पीएफ में कर्मचारी अंशदान के साथ कंपनी का हिस्सा भी उनके वेतन से काटा जा रहा है। इसके अलावा उपस्थिति के नाम पर सख्ती और वेतन कटौती की शिकायत भी की गई है।कर्मचारियों का कहना है कि लॉगइन समय में मामूली देरी पर भी वेतन काटा जा रहा है और आठ घंटे की ड्यूटी में थोड़ी कमी होने पर हाफ डे लगा दिया जाता है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।