
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर जनपद बांदा में 17 मई 2026 से 16 जून 2026 तक एक माह का विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच अभियान संचालित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम निर्धारित की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा डा. विजेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार जनपद की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिदिन उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, उपचार, परामर्श, जागरूकता शिविर तथा रैलियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर लेकिन अक्सर बिना लक्षण वाली बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विजेन्द्र सिंह ने बताया कि उच्च रक्तचाप को “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण प्रारंभिक अवस्था में सामान्यतः दिखाई नहीं देते, लेकिन यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी रोग और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से अपना रक्तचाप जांचते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर उच्च रक्तचाप के जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं उपचार को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।