
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। सुल्तानपुर का ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव विजयादशमी पर रावण दहन के बाद शुरू होगा। शहर के गभड़िया ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम 16 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद पांच दिवसीय महोत्सव की शुरुआत होगी। डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी विनीत जायसवाल हरी झंडी दिखाकर मेले का शुभारंभ करेंगे।इस बार शहर में करीब 130 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। चौक, ठठेरी बाजार, अस्पताल रोड, जीएन रोड, विवेक नगर और राहुल चौराहे सहित प्रमुख इलाकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।दुर्गा पूजा की परंपरा वर्ष 1959 में ठठेरी बाजार से शुरू हुई थी। बिहार से आए भिखारी लाल सोनी ने उस समय तिरपाल के नीचे मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की शुरुआत की थी। उनके चचेरे भाई पवन कुमार सोनी के मुताबिक, धीरे-धीरे लोगों की भागीदारी बढ़ी और यह परंपरा भव्य पंडालों वाले महोत्सव में बदल गई।प्रशासन ने केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के साथ बैठक कर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता और खोया-पाया शिविर भी लगाए गए हैं।