
उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को उन्नाव जिले में "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत एक साथ एक लाख से अधिक छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान" से प्रेरित होकर आयोजित किया जा रहा है।एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक एवं अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख योग गुरु ज्योति बाबा के नेतृत्व में सोसाइटी योग ज्योति इंडिया, सूर्योदय फाउंडेशन तथा भारत विकास परिषद के सहयोग से शुक्लागंज सहित पूरे उन्नाव के जूनियर हाई स्कूलों और माध्यमिक विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।मुख्य कार्यक्रम संयोजक अवनीश शुक्ला "भैया" ने बताया कि राष्ट्रगान के बाद सभी छात्र एक साथ नशा मुक्त भारत की शपथ लेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना है।प्रेसवार्ता में योग गुरु ज्योति बाबा ने कहा कि नशा मुक्त परिवार ही नशा मुक्त समाज की नींव है। इस दौरान ओम प्रकाश मिश्रा, अमित पांडे, रविंद्र त्रिपाठी, राजीव मिश्रा और सेतु प्रकाश शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने मीडिया से इस जनजागरण अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।