
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मंगलवार सुबह तक गोमती और मालती नदियों में 1480 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था, जबकि टीकरमाफी में विसर्जन मंगलवार देर शाम तक चला। गोमती नदी के आमघाट और इसौली घाट पर रातभर विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। विसर्जन यात्राओं में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। प्रशासन ने दोनों घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल शौचालयों के इंतजाम किए। नदी में किसी अनहोनी से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती भी की गई। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों तथा सफाई कर्मचारियों को लगाया गया। देर शाम जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी ने पुलिस बल के साथ आमघाट और इसौली घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।