
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के भदेसर खजुरहट गांव में एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मृत 13 वर्षीय किशोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को किशोरी के दफनाए गए शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी निरंजन, जो वर्तमान में कोलकाता में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, ने प्रशासन को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करिश्मा की 6 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि मौत के अगले ही दिन पड़ोसी मलखान और उसके बेटों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को गांव में ही दफना दिया।पिता का कहना है कि उन्हें बेटी की मौत की जानकारी भी समय पर नहीं दी गई, न ही किसी तरह की प्रशासनिक सूचना दी गई। बाद में उन्हें पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत गांव पहुंचे और बीकापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, कार्रवाई न होने पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिलाधिकारी से भी गुहार लगाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शवोत्खनन (एक्सह्यूमेशन) की प्रक्रिया शुरू की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश पर 5 जून की सुबह यह कार्रवाई की गई।इस प्रक्रिया के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, उपजिलाधिकारी बीकापुर, क्षेत्राधिकारी बीकापुर, फोरेंसिक विशेषज्ञ और एक्स-रे तकनीशियन की संयुक्त टीम गठित की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।