
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली करेंसी बदलने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 500 और 100 रुपये के कुल 13.95 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।डीसीपी नार्थ गोपाल कृष्ण चौधरी के अनुसार, सोमवार को पुलिस प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि घैला पुल के पास खाली मैदान में तीन संदिग्ध युवक नकली नोटों के साथ किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमगढ़ निवासी आलोक सिंह (21), सोनू गोंड उर्फ गोलू (25) और ब्रजेश विश्वकर्मा (35) के रूप में हुई है। तलाशी में इनके पास से 500 रुपये के 1402 नोट और 100 रुपये के 6946 जाली नोट बरामद हुए।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लखनऊ में नकली नोट खपाने आए थे और वे आजमगढ़ के मंजीत नामक व्यक्ति से नकली करेंसी लेते थे। गिरोह एक लाख असली रुपये के बदले तीन लाख तक नकली नोट देने का लालच देकर लोगों को फंसाता था।पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग जगहों पर नकली नोटों को खपाने का काम करते थे। इनमें से कुछ आरोपी बैंक लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से संपर्क में रहते थे। बरामद नोटों की गुणवत्ता में मामूली अंतर पाया गया है, जिसे केवल विशेषज्ञ ही पहचान सकते हैं।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और बरामद नकली करेंसी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।