
महोबा। जनपद में 12 जुलाई को होने वाले मेगा वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित जिला वृक्षारोपण एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में महोबा में 76 लाख 83 हजार 800 पौधे रोपे जाएंगे। इनमें वन विभाग 40 लाख 92 हजार तथा 25 अन्य विभाग 35 लाख 91 हजार 800 पौधों का रोपण करेंगे।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग कम से कम एक बड़े स्थल पर एक हजार पौधे लगाए तथा उनकी सुरक्षा, सिंचाई और संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी विभागों से बड़े वृक्षारोपण स्थलों की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक को चन्द्रावल नदी के नौ गांवों के दोनों किनारों पर अभियान चलाकर बांस, अर्जुन और जामुन के पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकासअधिकारियों को वृक्षारोपण स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने को कहा।बैठक में जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायत ढिकवाहा में 2000 पौधों का रोपण कर 'हर्बल वाटिका' विकसित की जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर भी विशिष्ट वन तैयार किए जाएंगे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि विभाग अपने 8 हेक्टेयर फार्म पर 1000 पौधों का रोपण कर 'विशिष्ट वन' विकसित करेगा।प्रभागीय वनाधिकारी देबाशीष जेना ने बताया कि 12 जुलाई को गोरखगिरि स्थित शिव ताण्डव पहाड़ी पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां 'शिव वाटिका' के रूप में नीम, शीशम, हरसिंगार और बेल सहित 1000 पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर पिछले वर्षों में उत्कृष्ट वृक्षारोपण करने वाले विभागों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।बैठक में नगर निकायों को अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने, पौधों की जियो टैगिंग तथा समय से पौधों की मांग वन विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।