
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शुक्रवार को हुई करीब 100 मिमी बारिश के बाद शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर नगर निगम की तैयारियों और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में 116 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों के कारण जलभराव और नाला धंसने जैसी समस्याएं सामने आईं। इन सभी स्थानों की सूची तैयार कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।नगर आयुक्त ने बताया कि भारी बारिश के बाद नगर निगम की टीम ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है। पहले ही दिन 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।अर्पित उपाध्याय ने बताया कि जूही के खलवा पुल पर हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या रहती है। इसे देखते हुए वहां अतिरिक्त मोटर लगाई गई है, जिससे पानी की निकासी तेज़ी से हो रही है। शनिवार को इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले।नगर आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मेट्रो, केस्को, जल निगम और नगर निगम के निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां जलभराव की समस्या अधिक देखने को मिली। मेट्रो अधिकारियों को अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य विभागों के निर्माण स्थलों की भी समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
नाला सफाई के बावजूद बढ़ी परेशानी
उन्होंने बताया कि बारिश से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई कराई गई थी और कई बड़े नालों से दो-दो बार सिल्ट भी निकलवाई गई थी। इसके बावजूद जिन स्थानों पर सीवर लाइन, नाली और अन्य निर्माण कार्य चल रहे थे, वहां जलभराव की स्थिति अधिक बनी। भविष्य में ऐसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वित कार्ययोजना तैयार की जा रही है।